जिला प्रेस क्लब कवर्धा में विवाद गहराया, प्रबंध कमेटी के 4 सदस्यों ने की जांच और चुनाव की मांग..

TCN TIMES NEWS KAWARDHA: जिला प्रेस क्लब कवर्धा की प्रबंध कमेटी में आंतरिक विवाद अब रजिस्ट्रार कार्यालय तक पहुंच गया है। क्लब के प्रबंध कमेटी के चार सदस्यों ने अध्यक्ष प्रकाश वर्मा एवं कोषाध्यक्ष डी.एन. योगी के कथित मनमानी रवैये, क्लब के संचालन में पारदर्शिता की कमी तथा कार्यकाल पूरा होने के बाद भी पद पर बने रहने को लेकर शिकायत करते हुए मामले की जांच कराने और रजिस्ट्रार के निर्देश पर अधिकृत चुनाव प्राधिकारी की मौजूदगी में चुनाव कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, उप रजिस्ट्रार के समक्ष हुई प्रक्रिया में यह जानकारी सामने आई कि जिला प्रेस क्लब कवर्धा की वर्तमान पंजीकृत संरचना में सात सदस्य बताए गए हैं। इनमें प्रकाश वर्मा, डी.एन. योगी, यशवंत सिंह ठाकुर, विजय धृतलहरे, श्याम टंडन, ईश्वर कुंभकार और मुकेश श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं।
प्रबंध कमेटी के चार सदस्यों का आरोप है कि क्लब का संचालन कुछ लोगों तक सीमित कर दिया गया है और पत्रकारों की व्यापक भागीदारी नहीं होने से क्लब के मूल उद्देश्य प्रभावित हो रहे हैं। शिकायत में क्लब परिसर एवं उसकी सुविधाओं के उपयोग तथा किराया वसूली को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि प्रेस क्लब किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि पत्रकारों और जनसामान्य के हित से जुड़ी सार्वजनिक संस्था है।
बहुमत के आधार पर अध्यक्ष को हटाने का दावा
चार सदस्यों का कहना है कि सात सदस्यीय संरचना में बहुमत उनके पक्ष में होने तथा वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा हो जाने के कारण उन्होंने अध्यक्ष प्रकाश वर्मा को पद से मुक्त किए जाने की कार्रवाई की है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम वैधानिक स्थिति संबंधित रजिस्ट्रार कार्यालय के निर्देश एवं पंजीकृत संस्था के नियमों के अनुसार ही तय होगी।
शिकायतकर्ताओं ने यह भी कहा है कि शीघ्र सदस्यता अभियान चलाकर प्रेस क्लब में पत्रकारों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और रजिस्ट्रार के निर्देशानुसार चुनाव प्राधिकारी की निगरानी में नई कार्यकारिणी का चुनाव कराया जाएगा। इसलिए बौखलाहट में मनमानी कर डी एन योगी जो पुर्व में कोषाध्यक्ष है जो आज तक कोष का हिसाब ही चट कर गये है उन्हें सचिव बनाने का भ्रामक खबर चला रहे हैं जो अनुचित है!
तीन बनाम चार सदस्यों का विवाद
मामले में शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वर्तमान विवाद के बीच केवल तीन लोगों द्वारा चार सदस्यों को हटाकर चुनाव कराने की प्रक्रिया वैधानिक रूप से उचित नहीं हो सकती। उनका कहना है कि अब प्रेस क्लब से संबंधित सभी महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं रजिस्ट्रार कार्यालय के निर्देश एवं संस्था के नियमों के अनुरूप ही संपन्न होनी है










