आलिया बनी रहमान कापा बाल संसद की प्रधानमंत्री..

TCN TIMES NEWS PANDRIYA: संकुल केंद्र बिरकोना अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास के उद्देश्य से बाल संसद (कैबिनेट) का गठन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की सहमति एवं बहुमत के आधार पर कक्षा पाँचवीं की छात्रा कु. आलिया को बाल संसद का प्रधानमंत्री चुना गया।
इसी प्रकार विद्यार्थियों द्वारा बहुमत के आधार पर दिव्यांका को शिक्षा मंत्री, अमृता को अनुशासन मंत्री, कामाक्षी को सांस्कृतिक मंत्री, वैशाली को स्वास्थ्य मंत्री, अमित को इको क्लब अध्यक्ष, आयुष को खेल मंत्री, सोनाक्षी एवं संजना को प्रार्थना मंत्री, अक्षत को खाद्य मंत्री, मंजीत को पर्यावरण मंत्री, संगीता को सज्जा मंत्री, हिमांशु को जल मंत्री तथा अरमान को खोया-पाया मंत्री चुना गया।

इसके पश्चात सभी पदाधिकारियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। विद्यालय में हर्ष और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
विद्यालय के प्रधान पाठक राजेश कुमार पात्रे ने बाल संसद के सभी सदस्यों को शपथ दिलाई तथा उन्हें अपने दायित्वों का ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने कहा कि बाल संसद बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, सहयोग, अनुशासन और निर्णय लेने की क्षमता का विकास करती है। यह बच्चों को लोकतांत्रिक मूल्यों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों में अपने दायित्वों के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास एवं जिम्मेदारी की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। विद्यालय परिवार ने सभी चुने गए पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।














