पंडरिया: स्वतंत्रता दिवस पर शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा में पुरस्कारों की बारिश..

TCN TIMES NEWS PANDRIYA : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा में राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक, रचनात्मक एवं अन्य गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न पुरस्कारों का वितरण किया गया।
विद्यालय में शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर द्वारा संचालित बचत बैंक योजना के माध्यम से बच्चे नियमित रूप से अपनी छोटी-छोटी बचत जमा कर रहे हैं। इस वर्ष विद्यार्थियों द्वारा कुल 8,380 रुपये की बचत की गई। इसमें यश पंद्राम ने 3,130 रुपये तथा अर्पिता ने 2,055 रुपये जमा किए। योजना के तहत कक्षा पांचवीं उत्तीर्ण होने के अवसर पर विद्यार्थियों को उनकी बचत राशि प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम में उपसरपंच रेखा राधुसिंह पंद्राम द्वारा कक्षा पहली से पांचवीं तक प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 101, 201, 301, 401 एवं 501 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। पंच कुंती रामायण यादव द्वारा प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न एवं मेडल प्रदान किए गए। वहीं एकलव्य विद्यालय में चयनित छात्र विनय को 500 रुपये की राशि, स्मृति चिह्न एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।

शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर द्वारा विगत कई वर्षों से विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने हेतु पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इस वर्ष अनुशासन में दिव्यांका, स्वच्छता में अर्पिता, खेल में अंकित, कक्षा पांचवीं में प्रथम स्थान के लिए विनय, पर्यावरण के लिए अमन एवं अंकित तथा प्रतियोगी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विनय को पुरस्कृत किया गया।
इसी प्रकार उपस्थिति के क्षेत्र में कक्षा पहली से काजल, दूसरी से सागर, तीसरी से सोनाक्षी, चौथी से कामाक्षी तथा पांचवीं से अमरराज को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप पानी की बोतल, ड्राइंग सामग्री, कॉपी-पेन, स्टील की पानी की बोतल एवं विभिन्न आकर्षक उपहार प्रदान किए गए।
इसके अलावा शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर द्वारा विद्यालय के सभी बच्चों को निःशुल्क आईडी कार्ड वितरित किए गए। पंचायत की ओर से सभी विद्यार्थियों को कॉपियां भी प्रदान की गईं।
प्रधान पाठक राजेश कुमार पात्रे ने शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर द्वारा विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए की जा रही इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं बेहतर प्रदर्शन की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने इस पहल के लिए आभार भी व्यक्त किया।

शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने कहा कि विद्यार्थियों को पुरस्कार देने का उद्देश्य उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ नियमित उपस्थिति, अनुशासन, स्वच्छता, खेल, पर्यावरण संरक्षण, बचत एवं शिक्षा के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है। बच्चों की छोटी-छोटी उपलब्धियों को सम्मानित करने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।
कार्यक्रम में प्रधान पाठक, शिक्षक, उपसरपंच, पंच, वरिष्ठ नागरिक, कर्मचारी, नारीशक्ति, युवा, ग्रामीणजन एवं विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। राष्ट्रीय पर्व का आयोजन विद्यालय एवं ग्रामवासियों के उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ संपन्न हुआ।














