करील-पुटू की तलाश में जंगल गए युवक की दर्दनाक मौत, हिंसक वन्यजीव के हमले की आशंका
लोरमी। अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) के बफर जोन क्षेत्र में करील-पुटू की तलाश में जंगल गए 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की मौत हिंसक वन्यजीव के हमले से होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग और पुलिस मामले की जांच में जुट गए हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम बांधा निवासी धरमजीत दास (21), पिता राजेन्द्र घृतलहरे सोमवार सुबह करीब 8 बजे अपने साथियों के साथ सावंतपुर जंगल में करील-पुटू की तलाश में गया था। जंगल में सभी युवक अलग-अलग होकर करील एकत्रित कर रहे थे। इसी दौरान साथियों ने धरमजीत की चीख सुनी। कुछ ही देर बाद जंगल में हिंसक जानवर की आवाज सुनाई देने पर अन्य युवक घबरा गए और गांव की ओर लौट आए।
ग्रामीणों को घटना की जानकारी देने के बाद वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वनकर्मी मौके पर पहुंचे और शव को सावंतपुर बेरियर के पास लाया गया। वन विभाग की टीम घटना स्थल सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी असमय मौत से परिवार में शोक की लहर है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। हालांकि युवक की मौत किस वन्यजीव के हमले से हुई, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी विजय साहू ने बताया कि घटना संज्ञान में आई है और वन विभाग की टीम जांच में जुटी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे करील-पुटू या अन्य वन उपज की तलाश में जंगल के अंदर न जाएं और वन्यजीवों से सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी
बरतें।














