लोकेशन लोरमी मुंगेली
50 बिस्तर अस्पताल में गुंडागर्दी और मरीजों को निजी अस्पताल भेजने के आरोप, तीन युवकों के खिलाफ FIR
लोरमी, मुंगेली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी के 50 बिस्तर अस्पताल में शासकीय कार्य में बाधा, कर्मचारियों को धमकाने और मरीजों को कथित रूप से निजी अस्पताल भेजने के गंभीर आरोपों के बाद तीन युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार 17-18 जून 2026 की दरमियानी रात अस्पताल परिसर में अजय टंडन, दुर्गेश टंडन और आकाश टंडन ने कथित रूप से अस्पताल में अनाधिकृत प्रवेश कर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों, स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों को धमकाया तथा शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया।
अस्पताल प्रशासन का आरोप है कि संबंधित युवक स्वयं को निजी एम्बुलेंस चालक बताते हुए मरीजों और उनके परिजनों पर दबाव बनाकर निजी अस्पतालों में इलाज कराने के लिए प्रेरित करते थे। विरोध करने पर अस्पताल कर्मचारियों को गाली-गलौज और धमकियां देने की शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
एफआईआर में उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों ने भी कथित घटनाक्रम देखा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों द्वारा अस्पताल की व्यवस्था को प्रभावित करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा शासकीय दस्तावेजों से छेड़छाड़ का प्रयास भी किया गया।
पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज, अस्पताल कर्मचारियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच की जाएगी। वहीं आरोपियों की भूमिका और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता का परीक्षण भी किया जाएगा।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अस्पताल प्रबंधन ने स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


