राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में अमलडीही विद्यालय के चार छात्राओं का चयन
लोरमी/मुंगेली। राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSS) 2026 में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अमलडीही, विकासखंड लोरमी, जिला मुंगेली की चार छात्राओं ने सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। चयनित छात्राओं में दिव्या पटेल, आरती साहू, रिया चेलकर एवं अल्का चेलकर शामिल हैं। छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधान पाठक एल. आर. यादव तथा शिक्षक गोमेदनी खरे, गोविंद सिंह राजपूत एवं नारायण साहू ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और नियमित अध्ययन का यह उत्कृष्ट परिणाम है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में कक्षा आठवीं में अध्ययनरत विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होते हैं। परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उच्च अध्ययन के लिए प्रतिमाह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे उनकी शिक्षा को आर्थिक सहयोग मिलता है। विद्यालय परिवार ने चयनित छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।


