कवर्धा : भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना..गन्ना किसानों को समर्थन मूल्य एफआरपी और अतिरिक्त रिकवरी राशि का शत-प्रतिशत भुगतान जून माह में ही कर दिया..

TCN TIMES NEWS KAWARDHA: देश के सहकारी शक्कर उद्योग में भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने एक बार फिर नया कीर्तिमान स्थापित किया है. लगातार दूसरे वर्ष कारखाना देश का पहला ऐसा सहकारी शक्कर कारखाना बन गया है, जिसने गन्ना किसानों को समर्थन मूल्य (एफआरपी) और अतिरिक्त रिकवरी राशि का शत-प्रतिशत भुगतान जून माह में ही कर दिया है.
कवर्धा में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए. यहां उनकी अध्यक्षता में गन्ना किसानों को 29 करोड़ 83 लाख रुपये की राशि का एकमुश्त भुगतान किया गया. इसमें 6 करोड़ 91 लाख रुपये की शेष एफआरपी राशि तथा 22 करोड़ 92 लाख रुपये की अतिरिक्त रिकवरी राशि शामिल है. यह पूरी राशि सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर की गई.
जानकारी अनुसार सत्र 2025-26 के लिए अब तक किसानों को कुल 107 करोड़ 10 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है. इसमें 84 करोड़ 18 लाख रुपये की एफआरपी राशि और 22 करोड़ 92 लाख रुपये की अतिरिक्त रिकवरी राशि शामिल है. समय से भुगतान होने से क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों को बड़ी राहत मिली है और उनके बीच खुशी का माहौल है.


