शासकीय उच्च माध्यमिक कन्या विद्यालय पंडरिया..शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम आयोजन..नगर पालिका अध्यक्ष मंजूला देवी कुर्रे एवं पार्षद नरोत्तम साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए..

TCN TIMES NEWS KAWARDHA: शासकीय उच्च माध्यमिक कन्या विद्यालय, पंडरिया में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मंजूला देवी कुर्रे जी एवं अतिथि के रूप में सभापति एवं वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद श्री नरोत्तम साहू जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर पार्षद भाई शेरा जी, श्री कमलेश धुलिया जी, भाई जैकी टंडन जी, शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती प्रभा देवागन जी, श्रीमती संगीता हलवाई जी, विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण, विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मंजूला देवी कुर्रे जी ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखना है।” उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी शिक्षा के प्रति सजग रहने का आग्रह किया।

सभापति एवं वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद श्री नरोत्तम साहू जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करना चाहिए और अभिभावकों को उनकी शिक्षा के प्रति सदैव जागरूक रहना चाहिए। आइए, हम सब मिलकर संकल्प लें कि हमारे क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और हर बच्चा नियमित रूप से विद्यालय जाए।”
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही, विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए स्कूल बैग वितरित किए गए। विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।

अंत में सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने एवं अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया तथा “हर बच्चा विद्यालय जाए, हर बच्चा शिक्षित बने” के संकल्प के साथ शाला प्रवेश उत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया।


