जिला मुंगेली (छ.ग.)
जमीनी हकीकत परखने लोरमी पहुंचे जिला पंचायत सीईओ
वीबीजी-राम-जी योजना से हितग्राहियों को जोड़ने तथा आवास और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
मुंगेली जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे ने जनपद पंचायत लोरमी में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), वीबीजी-राम-जी तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के कार्यों की प्रगति का मैदानी निरीक्षण कर अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुँचना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने ग्राम पंचायत अमलीडीह में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को सभी आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान वीबीजी-राम-जी के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की भी समीक्षा करते हुए प्रगति में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम पंचायत बोड़तरा में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत स्थापित बायोगैस प्लांट का निरीक्षण किया। प्लांट के संचालन, रखरखाव एवं उपयोगिता का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों को इसका अधिकतम लाभ दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने वीबीजी-राम-जी योजना से अधिक से अधिक हितग्राहियों को जोड़ने एवं प्रधानमंत्री आवास योजना एवं स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े सभी लंबित कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण विकास की गति और तेज हो तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुँच सके। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत लोरमी के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।















