पंडरिया शक्कर कारखाना: टूल-डाउन का 7वां दिन..आखिर कब जागेगा प्रशासन? श्रमिकों का 7 दिन से जारी, फिर भी न कोई अधिकारी पहुंचा, न किसी नेता ने ली सुध..

TCN TIMES NEWS PANDRIYA: श्रमिकों की मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ का टूल-डाउन आंदोलन आज सातवें दिन भी जारी है। लेकिन सात दिन गुजर जाने के बाद भी प्रशासन की कथित चुप्पी ने श्रमिकों के गुस्से को और भड़का दिया है।
सवाल सीधा है—क्या सात दिनों से आंदोलन कर रहे श्रमिकों की आवाज प्रशासन को सुनाई नहीं दे रही?
श्रमिकों का कहना है कि वे लगातार अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक न कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही कोई जनप्रतिनिधि या नेता श्रमिकों की सुध लेने आया। आखिर श्रमिकों को अपनी समस्याएं सुनाने के लिए और कितने दिन आंदोलन करना पड़ेगा?
भारतीय मजदूर संघ ने साफ कहा है कि श्रमिकों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सात दिन से श्रमिक अपने काम से दूर रहकर अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से संवाद तक की पहल नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
संगठन ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि कारखाना में काम करने वाले प्रत्येक श्रमिक के अधिकार, रोजगार, वेतन और सम्मान की लड़ाई है। प्रशासन अगर यह समझ रहा है कि चुप्पी साध लेने से आंदोलन समाप्त हो जाएगा, तो यह उसकी बड़ी भूल होगी।
सात दिन हो गए—अब भी खामोशी क्यों?
भारतीय मजदूर संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन और कारखाना प्रबंधन जल्द श्रमिकों से बातचीत नहीं करते और उनकी मांगों का ठोस समाधान नहीं निकालते हैं, तो आंदोलन को अगले चरण में ले जाते हुए चक्का जाम किया जाएगा।














