राखी भी बनाई, रिश्तों की मिठास भी बढ़ाई..रहमान कापा स्कूल में बच्चों ने उत्साह से मनाया रक्षाबंधन, राखी के साथ बांटा स्नेह और खुशियां

TCN TIMES NEWS PANDRIYA: संकुल बिरकोना अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा में रक्षाबंधन पर्व को बच्चों ने इस बार कुछ खास अंदाज में मनाया। भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और अपनत्व को दर्शाने वाली इस विशेष गतिविधि से विद्यालय का माहौल खुशनुमा हो उठा।
शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने बच्चों को पहले अपने हाथों से राखी बनाना सिखाया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सुंदर राखियां तैयार कीं। इसके बाद बहनों ने भाइयों की आरती उतारी, तिलक लगाया, मिठाई खिलाई और उनकी कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान बच्चों में काफी उत्साह और उमंग देखने को मिला।

राखी बांधने के बाद भाइयों ने भी अपनी बहनों को भेंट स्वरूप कॉपी और पेन प्रदान किए। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने रक्षाबंधन के महत्व के साथ-साथ प्रेम, भाईचारे, स्नेह और आपसी सहयोग का संदेश सीखा।प्रधान पाठक राजेश कुमार पात्रे ने सभी बच्चों को रक्षाबंधन पर्व की बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को हमारी संस्कृति, परंपराओं और रिश्तों के महत्व से जोड़ने का सुंदर माध्यम हैं।
विद्यालय में आयोजित यह रचनात्मक गतिविधि बच्चों के लिए सीखने, स्नेह बांटने और खुशियां मनाने का यादगार अवसर बन गया।














