कवर्धा: गौवंशों की सुरक्षा के सरकारी दावों पर उठे सवाल, सड़कों पर हादसों का शिकार हो रहे मवेशी, किसानों की फसल भी हो रही बर्बाद..

TCN TIMES NEWS KAWARDHA: कवर्धा/छत्तीसगढ़। जिले में गौवंशों की सुरक्षा एवं देखरेख को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकार द्वारा गौवंशों के संरक्षण और उनकी सुरक्षा के लिए किए जा रहे दावों के बावजूद सड़कों पर बड़ी संख्या में मवेशी खुलेआम घूमते नजर आते हैं। आए दिन ये गौवंश सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, वहीं वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
दूसरी ओर, खुले में घूम रहे मवेशियों के कारण किसानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खेतों में घुसकर गौवंश किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसान दिन-रात मेहनत करके अपनी फसल तैयार करते हैं, लेकिन खुले मवेशियों के झुंड उनकी मेहनत पर पानी फेर रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब गौवंशों की सुरक्षा और देखरेख के लिए योजनाएं एवं व्यवस्थाएं संचालित हैं, तो फिर सड़कों पर गौवंश असुरक्षित क्यों घूम रहे हैं? किसानों की फसल को बचाने के लिए ठोस व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है?
स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों से मांग है कि गौवंशों के संरक्षण के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए, उनके लिए उचित आश्रय, चारा-पानी एवं देखरेख सुनिश्चित की जाए तथा किसानों की फसलों को बचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेते हैं और गौवंशों के साथ-साथ किसानों को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

