लोकेशन
मुंगेली
मुंगेली में कांग्रेस कामेटी द्वारा कलेक्टर कार्यालय घेराव, व 12 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
मुंगेली।।। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में आज कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों, जन आंदोलनकारियों एवं किसानों ने विभिन्न जनसमस्याओं और किसानों की मांगों को लेकर मुंगेली कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 12 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जिले में यूरिया खाद की किल्लत को प्रमुख मुद्दा बताते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि वर्तमान में किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है।
कलेक्टर की अनुपस्थिति में अपर कलेक्टर गिरधारी लाल यादव ने ज्ञापन प्राप्त किया और किसानों एवं कांग्रेस नेताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित मांगों को शासन तक पहुंचाने तथा आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
कांग्रेस नेताओं ने जिले में बिजली और पेयजल समस्याओं के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर शराब दुकानों के संचालन पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
नेताप्रतिपक्ष विद्यानंद चंद्राकर ने कहा कि किसानों को प्रति एकड़ केवल एक बोरी यूरिया देने का निर्णय किसानों के हित में नहीं है। इससे उत्पादन पर असर पड़ेगा और किसानों की परेशानियां बढ़ेंगी।


