पंडरिया : शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा ..नवप्रवेशी बच्चों के हाथों की छाप लेकर मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

TCN TIMES NEWS PANDRIYA: शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा में शाला प्रवेश उत्सव 2026 एवं कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों के अंकसूची वितरण कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात नवप्रवेशी बच्चों के हाथों की छाप ड्राइंग शीट पर लेकर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। बच्चों को गुलाल लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान और उत्साह से सराबोर रहा।
प्रधान पाठक राजेश कुमार पात्रे ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए पालकों से अपने बच्चों का शीघ्र विद्यालय में प्रवेश कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने नवप्रवेशी बच्चों को चॉकलेट, कॉपी, स्टेशनरी सामग्री, टाई एवं बेल्ट भेंट किए। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, गृहकार्य करने तथा पालकों को नई पाठ्यपुस्तकों में हुए परिवर्तनों की जानकारी देकर उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया।
इस अवसर पर उपसरपंच प्रतिनिधि रेखा राधुसिंह, रामस्वरूप यादव, सुखदेव, अंतराम, संतोषी यादव, मुमताज, सुमरित, ज्ञानाबाई, माताएं, पूर्व छात्राएं एवं विद्यालय के सभी बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पालकों ने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


