जर्जर भवन में पढ़ाई करने को मजबूर नौनिहाल, छत से टपक रहा पानी, हर पल हादसे का खतरा

TCN TIMES NEWS KAWARDHA: जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा अंतर्गत आश्रित ग्राम खाम्ही, ग्राम पंचायत खोलवा, तहसील सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम स्थित शासकीय प्राथमिक शाला खाम्ही का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। बरसात शुरू होते ही स्कूल की छतों से कई जगहों पर पानी टपकने लगता है, जिससे कक्षाओं में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। नौनिहालों को जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
स्कूल भवन की छत और दीवारों में दरारें आ चुकी हैं। बारिश के दौरान कक्षाओं के अंदर पानी भर जाता है, जिससे बच्चों को बैठने तक में परेशानी होती है। कई स्थानों पर छत का प्लास्टर भी झड़ रहा है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि स्कूल भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी गई है, लेकिन अब तक भवन की मरम्मत या नए भवन के निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल भवन की मरम्मत कराई जाए या नए स्कूल भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि छात्र-छात्राएं सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई कर सकें।
बरसात के मौसम में स्कूल की वर्तमान स्थिति गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।














