कबीरधाम: ग्राम पंचायत डबरी में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर विवाद, परिणाम पर उठे सवाल..

TCN TIMES NEWS PANDRIYA: जनपद पंचायत पंडरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत डबरी में सरपंच के विरुद्ध लाया गया अविश्वास प्रस्ताव अब विवादों के घेरे में आ गया है। विशेष सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत में कुल 13 पंच एवं एक सरपंच सहित कुल 14 मत हैं। मतदान के दौरान सरपंच चंद्रकांता योगेश जांगड़े के पक्ष में 4 मत पड़े, जबकि अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में 10 मत प्राप्त हुए।
हालांकि मतदान के बाद चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने पहुंचीं तहसीलदार राजश्री पाण्डेय ने मौके पर मौजूद लोगों के बीच मतदान के आंकड़े बताते हुए कहा कि सरपंच को 4 मत तथा अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 10 मत प्राप्त हुए हैं। इसके बाद उन्होंने सरपंच चंद्रकांता योगेश जांगड़े को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में पंचायत का कार्य बेहतर ढंग से संचालित करने की बात कही।

इसी घटनाक्रम को लेकर अब स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आरोप है कि मतदान के बाद मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पंचों को परिणाम की कोई लिखित प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई। इसे लेकर कुछ लोगों ने पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए राजनीतिक दबाव में गड़बड़ी होने की आशंका व्यक्त की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि मतदान में अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में 10 मत प्राप्त हुए हैं तो इसकी विधिक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। उनका कहना है कि आधिकारिक परिणाम एवं उसके आधार की जानकारी सार्वजनिक किए जाने से सभी प्रकार की शंकाओं का समाधान हो सकता है।
इस संबंध में पक्ष जानने के लिए तहसीलदार राजश्री पाण्डेय से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) संदीप ठाकुर से भी दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
फिलहाल ग्राम पंचायत डबरी में अविश्वास प्रस्ताव के परिणाम को लेकर स्थिति चर्चा का विषय बनी हुई है। यदि प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण या लिखित जानकारी जारी की जाती है, तो वास्तविक स्थिति और अधिक स्पष्ट हो सकेगी।














