ममतामयी मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने अर्पित की विनम्र श्रद्धांजलि
मुंगेली— छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद, महान समाज सुधारक एवं जनसेवा की प्रतिमूर्ति ममतामयी मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर शहर कांग्रेस कमेटी मुंगेली द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें सादर नमन किया गया। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने मिनीमाता जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके सामाजिक योगदान को याद किया तथा उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कहा कि ममतामयी मिनीमाता जी ने अपना संपूर्ण जीवन शोषित, वंचित, पीड़ित एवं जरूरतमंद वर्गों के अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक न्याय और समानता के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष करते हुए जनसेवा को अपने जीवन का ध्येय बनाया। उनका संपूर्ण जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि मिनीमाता जी ने महिलाओं, गरीबों और वंचित वर्गों के हितों के लिए सदैव आवाज बुलंद की। उनके त्याग, संघर्ष और सामाजिक सरोकारों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी प्रेरणादायी विरासत आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक न्याय, समानता और मानव सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने कहा कि ममतामयी मिनीमाता जी का व्यक्तित्व एवं कृतित्व समाज के लिए सदैव अनुकरणीय रहेगा। उन्होंने सामाजिक भेदभाव और कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाज में समानता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने का कार्य किया। इस दौरान दिलीप बंजारा, अध्यक्ष सेवादल, देवेंद्र वैष्णव, जीतू श्रीवास्तव मंडल अध्यक्ष, आरीफ खोखर उपाध्यक्ष शहर कांग्रेस, जलेश यादव उपाध्यक्ष शहर कांग्रेस, राजेंद्र यादव, नासिर खान, नौशाद खान, विष्णु खांडे, मुकेश जायसवाल, भूपेंद्र देवांगन, शत्रुघ्न निषाद, अरविंद बंजारा, विवेक माणिक, विनेश कुमार, भुवन यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी कांग्रेसजनों ने ममतामयी मिनीमाता जी के आदर्शों एवं उनके बताए सामाजिक न्याय और जनसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हुए उन्हें शत्-शत् नमन किया।














