भगवान शिव के महारुद्राभिषेक में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
मुंगेली— सावन माह के पावन अवसर पर सर्व ब्राह्मण परिषद्, मुंगेली के महिला प्रकोष्ठ द्वारा गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को श्री राम मंदिर प्रांगण में भगवान भोलेनाथ का भव्य महारुद्राभिषेक एवं पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित किया गया। महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती मंजुला शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और भगवान शिव का अभिषेक कर सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
महारुद्राभिषेक के दौरान करीब 35 लीटर दूध से भगवान शिव का भव्य अभिषेक किया गया। इसके साथ ही अवधेश पाठक द्वारा भी 11 लीटर दूध से विशेष अभिषेक किया गया। आचार्य श्री मनोज मिश्रा के मार्गदर्शन में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां अर्पित कीं। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
पूजन-अर्चन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की। सावन माह में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में महिलाओं सहित समाज के अनेक सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर श्रीमती कल्पना मिश्रा एवं श्रीमती रश्मि तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी प्रेम, एकता, सद्भाव और संस्कारों को बढ़ावा मिलता है।
महारुद्राभिषेक एवं हवन के पश्चात छह पार्थिव शिवलिंगों का बाजे-गाजे के साथ विधिवत विसर्जन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती मंजुला शर्मा ने आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सदस्यों, समाजजनों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की। महारुद्राभिषेक कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेंद्र दुबे, स्वतंत्र मिश्रा, मनोज तिवारी, छत्रपाल उपाध्याय, वतन शर्मा, परमानंद शर्मा, राहुल पाण्डे, अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति मुंगेली की जिला अध्यक्ष श्रीमती उर्वशी पाठक सहित प्रतिमा पाण्डेय, अनिता पाण्डेय, संगीता दुबे, निशू मिश्रा, अनिता तिवारी, नीलिमा तिवारी, प्रीति शर्मा, पूनम चौबे, आकांक्षा पांडे, मंजु शर्मा, मंदाकिनी पांडे, चंद्रकांता तिवारी, शकुन पांडे, शैल दीवान, शोभा, किरण शुक्ला, रूपरेखा शर्मा, रमा मिश्रा, इंदु मिश्रा, अंशु मिश्रा, प्रेमा वाजपेई, शिरोमणि तिवारी, अनिता शुक्ला, संध्या उपाध्याय, ज्योति शर्मा, बेबी उपाध्याय, किरण तिवारी, इन्द्रानी तिवारी, यामिनी मिश्रा, राधा तिवारी, प्रभा चतुर्वेदी, निधि बाजपेई, विमला दीक्षित, सरस्वती शर्मा, प्रिंशी दुबे, आकांक्षा, रम्भा तिवारी, रीता उपाध्याय, माधुरी शुक्ला, चन्दा तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाजजनों एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। हर-हर महादेव के जयघोष से श्री राम मंदिर परिसर गूंजता रहा और सावन की भक्ति में पूरा माहौल शिवमय हो गया।














