जतमई-घटारानी में उमड़ा पर्यटन प्रेमियों का कारवां, प्राकृतिक सौंदर्य ने मोहा मन

विभिन्न जिलों से पहुंचे पर्यटकों ने लिया प्रकृति, रोमांच और मनोरंजन का आनंद
TCN TIMES NEWS BILASPUR: छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए पर्यटन प्रेमियों का कारवां जतमई-घटारानी पहुंचा, जहां उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य के बीच एकदिवसीय भ्रमण का आनंद लिया। हरियाली से घिरे पहाड़, झरनों की कल-कल और मनमोहक प्राकृतिक वातावरण ने पर्यटकों को खासा आकर्षित किया।
इस एकदिवसीय यात्रा में अलग-अलग जिलों से पहुंचे पर्यटन प्रेमियों ने जतमई मंदिर एवं जलप्रपात और घटारानी जलप्रपात का भ्रमण किया। झरनों और आसपास के प्राकृतिक नजारों के बीच पर्यटकों ने जमकर फोटोग्राफी की और यादगार पलों को कैमरे में कैद किया।

यात्रा के दौरान केवल पर्यटन ही नहीं, बल्कि मनोरंजन और आपसी मेलजोल का भी माहौल रहा। म्यूजिक, डांस, ग्रुप गेम्स और अन्य मनोरंजक गतिविधियों ने सफर को और भी खास बना दिया। प्रकृति और रोमांच के साथ पर्यटकों ने एक-दूसरे के साथ समय बिताया और नए अनुभव साझा किए।
पर्यटन प्रेमियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संपदाओं से समृद्ध प्रदेश है। यहां के जलप्रपात, जंगल, पहाड़ और धार्मिक स्थल पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं। जतमई-घटारानी जैसे पर्यटन स्थलों में बेहतर सुविधाएं और व्यवस्थित पर्यटन विकास होने से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है।
इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को छत्तीसगढ़ के खूबसूरत पर्यटन स्थलों से जोड़ना और घूमने के साथ-साथ नए लोगों से मिलने, प्रकृति को करीब से महसूस करने तथा यादगार अनुभव जुटाने का अवसर देना रहा।
दिनभर प्रकृति और मनोरंजन के बीच बिताए समय के बाद पर्यटक वापस लौटे तो उनके साथ इस खूबसूरत यात्रा की कई यादें भी थीं। प्रतिभागियों ने यात्रा को यादगार, रोमांचक और आनंददायक बताते हुए भविष्य में छत्तीसगढ़ के अन्य पर्यटन स्थलों की सामूहिक यात्रा करने की इच्छा जताई।










