संस्कृति महिला ग्रुप द्वारा छठवें वर्ष भी होगा आस्था, संस्कृति और उमंग का अद्भुत संगम..

TCN TIMES NEWS PANDRIYA पंडरिया / कवर्धा। नगर का सबसे बड़ा और भव्य गरबा उत्सव इस वर्ष भी पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाने वाला है। संस्कृति महिला ग्रुप के द्वारा आयोजित इस गरबा महोत्सव का यह छठवां वर्ष है। तीन दिवसीय यह आयोजन 15 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक पीएम श्री आत्मानंद स्कूल परिसर में होगा।
इस वर्ष के आयोजन की मुख्य थीम आस्था का रंग, संस्कृति के संग”रखी गई है, जिसमें रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों से सुसज्जित महिलाओं एवं बालिकाओं की मनमोहक और शानदार प्रस्तुति देखने को मिलेगी।

तीन दिन, तीन विशेष थीम
– 15 अक्टूबर – उद्घाटन समारोह: गरबा महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। इस दिन की विशेष थीम महाकाल का दरबार” रहेगी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा होंगी।
– 16 अक्टूबर – छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक:* दूसरे दिन छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपरा पर आधारित विशेष प्रस्तुतियां होंगी। इस दिन नगर के गणमान्य नागरिक एवं व्यापारी गण कार्यक्रम की भव्यता बढ़ाने अतिथि स्वरूप शामिल रहेंगे।
4- 17 अक्टूबर – समापन समारोह: अंतिम दिन “आद्य शक्ति की आराधना”थीम पर समापन होगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह रहेंगे।

बच्चों की तैयारी जोरों पर
इस महोत्सव के लिए बच्चों की गरबा प्रैक्टिस का विशेष प्रशिक्षण कबीरधाम के प्रसिद्ध प्रोफेशनल कोरियोग्राफर मुकेश सर के द्वारा दिया गया है और सभी प्रतिभागियों की तैयारी पूर्ण कर ली गई है।
यह गरबा महोत्सव सिर्फ नृत्य नहीं, बल्कि उत्साह, उमंग और संस्कृति का अद्भुत संगम होगा, जहां समस्त मातृशक्तियां एक साथ गरबे की ताल और संगीत पर अपनी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगी। आयोजन को लेकर पूरे नगर में उत्साह का माहौल है।
गौरतलब है कि संस्कृति महिला ग्रुप द्वारा पूरे वर्ष भर अनेक सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक कार्य किए जाते हैं, और यह गरबा महोत्सव उसी सेवा भावना और संस्कृति संरक्षण का एक प्रमुख उदाहरण है।










