भव्य रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार समापन, रौहा बनी विजेता

TCN TIMES NEWS KAWARDHA: विकास खंड बोड़ला के अंतर्गत ग्राम मड़मड़ा में आयोजित भव्य रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन अत्यंत उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन ब्लैक पैंथर क्रिकेट टीम मड़मड़ा एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से वकांडा स्टेडियम (हाई स्कूल के पीछे मैदान) में 5 मार्च से प्रारंभ होकर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया, जिसमें आसपास की कुल 57 टीमों ने भाग लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जनपद सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सूरज वर्मा रहे । कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत मड़मड़ा की सरपंच प्रतिनिधि पप्पू सिंह ठाकुर ने की । विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रूपसिंह ध्रुर्वे,उपसरपंच नारायण जायसवाल, पूर्व सरपंच बरसाती लाल वर्मा,वरिष्ठ नागरिक एवं पूर्व सरपंच लखनलाल वर्मा, पंच रामभरोस, नरेश जायसवाल, केशव सिंह ठाकुर, विनोद जायसवाल (जिला मीडिया प्रभारी, किसान कांग्रेस कमेटी), पालेश यादव,तरण सिंह ठाकुर(DRG), श्रवण निर्मलकर(पुलिस), नकुल झारिया (SI), घनश्याम पटेल (पुलिस),सहित समस्त पंचगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रौहा और मड़मड़ा टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर रौहा टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 88 रन बनाए। रौहा टीम के बल्लेबाज गोल्डी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 32 रन बनाए। मड़मड़ा की ओर से गेंदबाजी में उबारन दास और शिवा वर्मा ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में मड़मड़ा टीम 10 ओवर में 8 विकेट खोकर 71 रन ही बना सकी। मड़मड़ा की ओर से रामकुमार ने 16 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 24 रन व गेंदबाजी में एक ओवर में एक रन देकर 2 विकेट चटकाए। रौहा टीम के गेंदबाज गांधी साहू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 10 रन देकर 3 विकेट लिए, वहीं कुलदीप ने 2 ओवर में 13 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। इस प्रकार रौहा टीम ने मड़मड़ा को 17 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मैच में विजेता टीम के कप्तान कुलदीप को ग्राम पंचायत एवं पंचगण की ओर से 30,001 रुपये नगद एवं शील्ड प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम के कप्तान गौतम निर्मलकर को सूरज वर्मा द्वारा 15,001 रुपये नगद एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
फाइनल मैच के ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार रौहा टीम के गेंदबाज गांधी साहू को पूर्व सरपंच लखनलाल वर्मा द्वारा 2,001 रुपये एवं शील्ड देकर प्रदान किया गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार मड़मड़ा टीम के खिलाड़ी को पंच रामभरोस द्वारा 5,001 रुपये एवं शील्ड के साथ दिया गया।
अन्य पुरस्कारों में बेस्ट बॉलर का खिताब उबारन दास (मड़मड़ा), बेस्ट फील्डर रूपेश यादव (मड़मड़ा) एवं बेस्ट बल्लेबाज गोल्डी (रौहा) को 501 रुपये एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा—
सूरज वर्मा (जिला महामंत्री) ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है तथा युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ता है।
पूर्व सरपंच लखनलाल वर्मा ने कहा कि खेल आपसी भाईचारा और अनुशासन सिखाता है, ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए.समाजसेवी पालेश यादव ने कहा कि युवाओं को खेलों से जुड़कर अपने स्वास्थ्य और भविष्य को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। पंच रामभरोस ने कहा कि पूरे आयोजन में ग्रामवासियों का सहयोग सराहनीय रहा और इसी सहयोग से कार्यक्रम सफल हो पाया।
कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक एवं संचालक नितेश वर्मा, दीपक सिंह ठाकुर, वासु वर्मा, शिव वर्मा, राहुल सिंह ठाकुर, कमल सिंह ठाकुर, नारद यादव, मुन्ना सिंह ठाकुर, रघुनाथ वर्मा, दुलारी जायसवाल एवं भवा पटेल का विशेष योगदान रहा कार्यक्रम के अंत में आयोजक ब्लैक पैंथर क्रिकेट टीम मड़मड़ा द्वारा सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया गया।
