कवर्धा में बनेगा भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन का भव्य चौक, 20 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति

डड़सेना कलार समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी, सामाजिक प्रमुख ने जताया आभार
TCNTIMESNEWS: KAWARDHA. डड़सेना कलार समाज के आराध्य देव भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन के भव्य चौक निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति कवर्धा विधायक एवं प्रदेश के गृह एवं पंचायत मंत्री माननीय श्री विजय शर्मा तथा नगर पालिका कवर्धा के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के विशेष सहयोग से प्राप्त हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डड़सेना कलार समाज द्वारा लोहारा–रायपुर बायपास रोड स्थित महिंद्रा शोरूम के पास स्थापित श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन चौक पर ही भव्य चौक का निर्माण किया जाएगा। समाज की लंबे समय से मांग थी कि उक्त स्थान पर चौक का निर्माण कर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि समाज की आस्था एवं सांस्कृतिक पहचान को सम्मान मिल सके।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति मिलने पर डड़सेना कलार समाज के सामाजिक पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्ष रूपेन्द्र जायसवाल ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से माननीय मंत्री श्री विजय शर्मा एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस स्वीकृति से समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने जा रही है, जिससे समाज में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
समाज के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि भव्य चौक निर्माण एवं प्रतिमा स्थापना के बाद यह स्थान आने वाले समय में जिले की एक महत्वपूर्ण पहचान के रूप में विकसित होगा।
