मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से मिलती है सफलता-पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस)

पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) ने स्वामी विवेकानन्द एकेडमी पहुंचकर युवाओं का बढ़ाया हौसला
TCN TIMES NEWS KAWARDHA: पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) ने आज स्थानीय स्टेडियम पहुंचकर स्वामी विवेकानन्द एकेडमी के पुलिस, आर्मी एवं अन्य सैन्य बलों की तैयारी कर रहे युवाओं से मुलाकात की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से संवाद कर उनकी फिजिकल एवं रिटर्न (लिखित) परीक्षा की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की और उन्हें सफलता प्राप्त करने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर प्रधान आरक्षक श्री घनाराम सिन्हा, आरक्षक श्री विक्की चंद्रवंशी, श्री प्रदीप श्रीवास, दशरथ साहू, सुश्री रीना शर्मा सहित पुलिस जवान उपस्थित थे।
यह एकेडमी पुलिस विभाग द्वारा संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य जिले के युवाओं को पुलिस, सेना एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती हेतु बेहतर प्रशिक्षण एवं उचित दिशा-निर्देशन उपलब्ध कराना है। एकेडमी के माध्यम से अब तक लगभग 1050 से अधिक युवा पुलिस, आर्मी एवं अन्य सैन्य बलों में चयनित होकर देश एवं समाज की सेवा कर रहे हैं, जो जिले के लिए गर्व का विषय है।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) ने कहा कि युवाओं में अपार क्षमता और ऊर्जा है। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन, अनुशासन एवं निरंतर मेहनत का वातावरण मिले, तो वे निश्चित रूप से अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देकर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाना भी है।
उन्होंने युवाओं को नियमित अभ्यास, शारीरिक फिटनेस, समय प्रबंधन एवं आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने चयनित होकर विभिन्न सेवाओं में कार्यरत पूर्व प्रशिक्षुओं की उपलब्धियों को अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों एवं उपस्थित अधिकारियों ने भी युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं फिजिकल टेस्ट की तैयारियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। युवाओं ने पुलिस अधीक्षक से संवाद कर अपने अनुभव साझा किए तथा मार्गदर्शन प्राप्त किया।


