कबीरधाम.अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला कबीरधाम के तत्वावधान में होली पर्व के पावन अवसर पर वनांचल क्षेत्र में निवासरत जरूरतमंद एवं वंचित परिवारों के बीच रंग, गुलाल, पिचकारी एवं मिठाई का व्यापक वितरण किया गया। परिषद के इस सेवा कार्य से सैकड़ों परिवारों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने वनांचल के दूरस्थ बस्तियों में पहुंचकर बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को होली सामग्री भेंट की। बच्चों को पिचकारी एवं रंग-गुलाल पाकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए सामाजिक समरसता, स्वच्छता एवं सुरक्षित होली मनाने का संदेश भी दिया।
प्रदेश सेवार्थ विद्यार्थी संयोजक तुलसी यादव ने बताया कि अभाविप का उद्देश्य केवल छात्र हितों की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ जुड़कर सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सहभागिता निभाना है। उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्र में जाकर होली की खुशियां साझा करना परिषद के लिए सौभाग्य की बात है। परिषद सदैव अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचने का संकल्प लेकर कार्य करती है।
नगर मंत्री हिरेंद्र बघेल ने बताया कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का पर्व है। ऐसे सेवा कार्यों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
नगर सहमंत्री खेमलाल साहू ने कहा कि अभाविप के कार्यकर्ता वर्षभर विभिन्न सेवा गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं और आने वाले समय में भी वनांचल क्षेत्र में शिक्षा, स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ग्रामीणजनों ने परिषद के इस प्रयास की सराहना किया और सभी ने मिलकर सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण होली मनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश सेवार्थ विद्यार्थी संयोजक तुलसी यादव, तुषार चन्द्रवशी नगर मंत्री, हिरेंद्र बघेल, अजय साहू, खेमलाल साहू, गोपाल जायसवाल, रामकरण, मोहित, विशु,अजय चंद्रवंशी कालेश्वर महेंद ईश्वरी एवं नगर इकाई के अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
