सहकारी शक्कर कारखाना पंडरिया.. लंबे समय से गन्ना भुगतान बाकी.. सरकार की कार्यशैली पर सवाल.. किसानों ने चक्का जाम और ट्रैक्टर रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया

TCN TIMES NEWS PANDRIYA : भारतीय किसान संघ और समृद्ध किसान संघ के बैनर तले गन्ना किसानों ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। मंगलवार को किसानों ने कवर्धा-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्गपर चक्का जाम किया और ट्रैक्टर रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। किसान सरदार वल्लभभाई पटेल चीनी मिल के सामने धरने पर बैठे हैं। आंदोलन को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
किसानों की प्रमुख मांग मिल पर बकाया 30 करोड़ रुपये से अधिक के गन्ना भुगतान का तत्काल निपटान है। उनका कहना है कि, लंबे समय से भुगतान लंबित होने के कारण गन्ना उत्पादकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा किसानों ने कृषि उन्नति योजना के तहत गन्ना उत्पादकों को प्रति क्विंटल 15 हजार रुपये की सहायता देने की मांग भी उठाई है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जिले में खाद, यूरिया और गुणवत्तापूर्ण बीज की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना है कि खेती के महत्वपूर्ण समय में आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध नहीं होने से फसल प्रभावित हो रही है।


