सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंची पशु चिकित्सा सेवाएं
निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविरों के माध्यम से पशुपालकों को उपचार, दवा एवं पशु स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध
मुंगेली, 20 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पशुधन विकास विभाग द्वारा जिले के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में पशुपालकों को उनके गांव में ही निःशुल्क पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। मोबाइल वेटरनरी यूनिट एवं विभागीय अमले के माध्यम से आयोजित इन शिविरों में पशुओं के उपचार के साथ दवा वितरण, कृमिनाशक दवा पान, बाह्य परजीवी नाशक छिड़काव, कृत्रिम गर्भाधान सहित आवश्यक पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सेवा संकल्प अभियान के पहले दिवस विकासखंड मुंगेली के ग्राम गाड़ाघाट में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 26 पशुओं का उपचार, 42 पशुओं के लिए दवा वितरण, 53 पशुओं को कृमिनाशक दवा पान तथा 29 पशुओं में बाह्य परजीवी नाशक छिड़काव किया गया।
अभियान के दूसरे दिवस ग्राम चमारी (छटन) में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। यहां 17 पशुओं का उपचार, 87 दवा वितरण, 69 कृमिनाशक दवा पान, 31 बाह्य परजीवी नाशक छिड़काव तथा 01 कृत्रिम गर्भाधान किया गया।
अभियान के तीसरे दिवस ग्राम दाबो में आयोजित शिविर में पशुपालकों को व्यापक पशु चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में 37 पशुओं का उपचार, 74 दवा वितरण, 81 कृमिनाशक दवा पान, 58 बाह्य परजीवी नाशक छिड़काव तथा 02 कृत्रिम गर्भाधान किए गए।
इसी क्रम में ग्राम कौहबंधा, ग्राम सारीसताल तथा धनिया डोली सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। वनग्राम जमुनाही में आयोजित शिविर में 07 पशुओं का उपचार, 94 दवा वितरण, 36 कृमिनाशक दवा पान, 42 बाह्य परजीवी नाशक सेवाएं तथा 02 कृत्रिम गर्भाधान किए गए। वहीं ग्राम धनिया डोली में आयोजित शिविर में 04 पशुओं का उपचार, 95 दवा वितरण, 22 कृमिनाशक दवा पान तथा 69 बाह्य परजीवी नाशक सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविरों में पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, रोगों से बचाव, समय पर उपचार, कृमि नियंत्रण, बाह्य परजीवी नियंत्रण तथा बेहतर पशुपालन प्रबंधन के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं परामर्श भी दिया गया। विभागीय अमले द्वारा पशुपालकों को पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सा केंद्र अथवा विभागीय कर्मियों से संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया।
पशुधन विकास विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पशुपालकों तक निरंतर पहुंच बनाते हुए पशु स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुगम और सुलभ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित इन निःशुल्क शिविरों से पशुपालकों को अपने पशुधन के बेहतर स्वास्थ्य, रोग नियंत्रण और पशुपालन संबंधी आवश्यक सेवाओं का स्थानीय स्तर पर लाभ मिल रहा है।










