युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पाण्डातराई महाविद्यालय में “कैरियर एवं स्वयं व्यवसाय” कार्यशाला का सफल आयोजन

TCN TIMES NEWS PANDRIYA: अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय महाविद्यालय पाण्डातराई, जिला-कबीरधाम (छ.ग.) में दिनांक 13/04/2026 को प्रातः 11:00 बजे से आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आई क्यूं ए सी) के तत्वावधान में वाणिज्य विभाग द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “कैरियर एवं स्वयं व्यवसाय” रहा, जिसमें विद्यार्थियों को भविष्य निर्माण के विविध आयामों से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. ज्ञानेश शुक्ला, सहायक प्राध्यापक (इतिहास), बद्री प्रसाद लोधी स्नातकोत्तर शासकीय महाविद्यालय आरंग, रायपुर उपस्थित रहे। उन्होंने अपने मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को कैरियर के विभिन्न विकल्पों तथा स्वयं के व्यवसाय प्रारंभ करने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
कार्यशाला में विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से कैरियर निर्माण पर चर्चा की गई, जिसमें संघ लोक सेवा आयोग (यू पी एस सी), राज्य लोक सेवा आयोग (पी एस सी), कर्मचारी चयन आयोग (एस एस सी), तथा व्यावसायिक परीक्षा मंडल की परीक्षाओं की तैयारी के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही बैंकिंग क्षेत्र ( आई बी पीएस, एसबीआई, आर बी आई), रेलवे (आर आर बी) सहित अन्य क्षेत्रों में अवसरों पर भी प्रकाश डाला गया।
इसके अतिरिक्त विधि क्षेत्र में वकालत, न्यायाधीश एवं कंपनी सलाहकार बनने के अवसर, बी.एड. के पश्चात शिक्षक बनने के विकल्प तथा स्वरोजगार एवं स्वयं के व्यवसाय स्थापित करने की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के संयोजक श्री शिवराम सिंह श्याम सहायक प्राध्यापक वाणिज्य सह संयोजक श्रीमती पूर्वा गुप्ता रहे। आयोजन समिति में श्री बुद्धदेव (अतिथि व्याख्याता हिन्दी), डॉ. राज कुमार वर्मा, श्री सूर्यभान सिंह धुर्वे (समाजशास्त्र), श्री अजय कुमार वर्मा (वनस्पति शास्त्र), श्री जागेश्वर वर्मा (जन्तु विज्ञान), डॉ. गजानंद साहू (रसायन शास्त्र), श्री कामता प्रसाद चन्द्रवंशी (अंग्रेजी), डॉ. गोविन्द सिंह ठाकुर (इतिहास) एवं श्री अजय कुमार शर्मा (पी.जी.डी.सी.ए.) का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के संरक्षक महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. लखन कुमार तिवारी रहे, जिनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सफल संचालन संभव हुआ।
कार्यशाला में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की तथा इसे अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कैरियर चयन एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना रहा, जो पूर्णतः सफल रहा।
