*नाली निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की जांच की मांग*
*ग्राम पंचायत करही में निर्माणाधीन नाली कार्य पर उठे सवाल, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की जांच की मांग*
मुंगेली— जनपद पंचायत मुंगेली अंतर्गत ग्राम पंचायत करही में निर्माणाधीन नाली कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से जांच की मांग की है। इस संबंध में ग्रामवासियों द्वारा जनदर्शन में एक लिखित आवेदन प्रस्तुत कर नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। आवेदन के अनुसार ग्राम पंचायत करही के वार्ड क्रमांक 08 से नाले तक दो हिस्सों में पक्की नाली का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। नाली निर्माण में पर्याप्त गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया है तथा कंक्रीट की मजबूती भी संदिग्ध बताई जा रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य को बीच-बीच में अधूरा छोड़कर किया जा रहा है, जिससे भविष्य में नाली से पानी निकासी की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अभी गुणवत्ता की जांच नहीं की गई तो बरसात के दौरान जलभराव और निकासी की समस्या गंभीर रूप ले सकती है। आवेदन में जनपद पंचायत मुंगेली से संबंधित निर्माण कार्य का स्वीकृत स्टीमेट (प्राक्कलन) मंगाकर तकनीकी अधिकारियों की टीम से स्थल निरीक्षण कराने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण कार्य पूर्ण होने से पहले ही इसकी जांच कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके। ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में यदि किसी प्रकार की लापरवाही या वित्तीय अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत पर जिला प्रशासन क्या कदम उठाता है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब कब तक मिल पाता है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी शिकायत पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।


