प्राथमिक शाला रहमान कापा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विद्यार्थियों ने किया योगाभ्यास

TCN TIMES NEWS PANDRIYA: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के अंतर्गत आज शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा में योग दिवस का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान पाठक राजेश कुमार पात्रे द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ किया गया। इसके पश्चात शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों ने प्रार्थना, चालन, विभिन्न योगाभ्यास(ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, मकरासन, शशकासन, शवासन आदि), कपालभाति, प्राणायाम, ध्यान, संकल्प तथा शांति पाठ का अभ्यास किया।
इस अवसर पर शिक्षक बांधेकर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सभी योग क्रियाओं का अभ्यास कर योग के प्रति अपनी रुचि एवं जागरूकता प्रदर्शित की। कार्यक्रम में योग के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक लाभों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर मुख्य रूप से एसएमसी अध्यक्ष भुवन मरावी, अंतराम यादव, पूर्व छात्र तथा विद्यालय के सभी बच्चे उपस्थित रहे। उपस्थित सभी ने नियमित योग करने एवं समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।


