दमऊनाला व्यवपर्तन नहर लाइनिंग कार्य को मिली 3.76 करोड़ रुपये की स्वीकृति, जनपद सदस्य दिनेश विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री एवं सांसद का जताया आभार..

TCN TIMES NEWS KAWARDHA: लोकसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। क्षेत्रीय सांसद माननीय संतोष पाण्डेय के सतत प्रयासों से कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड अंतर्गत दमऊनाला व्यवपर्तन नहर के लाइनिंग कार्य के लिए 3 करोड़ 76 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी। नहर की लाइनिंग होने से पानी का रिसाव कम होगा, जल का संरक्षण होगा और अंतिम छोर तक किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होने के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
इस विकास कार्य से तालपुर, दानिया खुर्द, दारिगवां और दारगांव सहित आसपास के गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से इस कार्य की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।
इस उपलब्धि पर जनपद सदस्य दिनेश विश्वकर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय एवं कवर्धा क्षेत्रीय सांसद माननीय संतोष पाण्डेय का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और सांसद के निरंतर प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। यह स्वीकृति किसानों के हित में एक ऐतिहासिक कदम है और आने वाले समय में इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे क्षेत्र की कृषि व्यवस्था पर दिखाई देगा।
जनपद सदस्य दिनेश विश्वकर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए इसी प्रकार के जनकल्याणकारी कार्य निरंतर होते रहेंगे।














