पंडरिया: सावन की हरियाली में संस्कृति महिला ग्रुप के द्वारा हुआ भव्य सावन उत्सव का शानदार आयोजन..

इस बार सावन उत्सव का थीम रहा – सावन की हरियाली और हमारी संस्कृति
TCN TIMES NEWS PANDRIYA: पवित्र श्रावण मास में सावन उत्सव का भव्य आयोजन रविवार 23 अगस्त को संस्कृति महिला ग्रुप के तत्वाधान में आयोजित किया गया । यह आयोजन नगर के जैन धर्मशाला में आयोजित किया गया जिसमें ग्रुप की सभी महिला सदस्य सहित अन्य महिलाएं एवं बालिकाएं भी बहुत उत्साह के साथ सम्मिलित हुई ।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिव- पार्वती एवं श्रीकृष्ण राधा जी की पूजा अर्चना एवं स्तुति के साथ किया गया । हर हर महादेव के जयकारे एवं शिवजी की आरती ने संपूर्ण माहौल को शिवमय एवं भक्तिमय बना दिया।कार्यक्रम में सावन थीम व ड्रेस कोड के अनुसार सभी महिलाएं शालीनता, गरिमा एवं सौम्यता व परम्परा के अनुसार हरे रंग के परिधान में सुसज्जित होकर आए ,जो सावन की हरियाली और उमंग का प्रतीक है
इस सावन उत्सव में महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत संगीत , एवं अनेक स्पर्धाओं में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और इस उत्सव को हरियाली के साथ साथ भारतीय संस्कृति एवं परम्परा का एक हिस्सा बताया।
सोनी शुक्ला बनी सावन सुंदरी और अविशी श्रीवास्तव को मिला मिस सावन का खिताब
सावन उत्सव के दौरान सावन सुदंरी 2026 प्रतियोगिता एवं विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रम का आयोजन किया गया । सभी महिलाओं ने परंपरा के अनुसार झूले का आनंद उठाते हुए सावन के गीत और सेल्फी जोन में फोटो भी खिंचवाए । इस वर्ष 2026 सावन सुंदरी का खिताब श्रीमति सोनी शुक्ला ने जीता एवं श्रीमति उर्वशी चंद्रवंशी उपविजेता रही। कार्यक्रम मे आयोजित एक गेम की विजेता श्रीमति शैल बिसेन एवं श्री मति श्रृद्धा कौशिक दुसरे गेम की विजेता रही । सुश्री अविशी श्रीवास्तव को चयनित कर मिस सावन बनाया गया। सभी विजेताओं को ग्रुप के द्वारा सम्मानित करते हुए पुरस्कृत किया गया ।
ग्रुप की अध्यक्ष अर्चना ठाकुर ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से महिलाओं को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है । शैल बिसेन ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी महिलाएं विजेता हैं क्योंकि सभी महिलाएं अत्यंत ऊर्जा व उत्साह के साथ प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं । रूपरेखा के अनुसार सुष्मिता श्रीवास्तव , अर्चना श्रीवास्तव, शिखा श्रीवास्तव ने बेहतरीन तरीके से कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया ।
कार्यक्रम के समापन पर सभी महिलाओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए संस्कृति ग्रुप के इस आयोजन की प्रसंशा की गई एवं आभार व्यक्त करते हुए सभी महिलाओं को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया । इस अवसर पर नीतू सिंह ,मंजू चंद्राकर सोनम साहू ,कविता चंद्रवंशी , वर्षा रजक, पूनम श्रीवास्तव,रेणु सिंह सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रही ।














