जनगणना अभियान रहमान कापा : 170 मकानों का सफल सूचीकरण..प्रगणक लक्ष्मण बांधेकर द्वारा जनगणना सर्वे कार्य संपन्न

TCN TIMES NEWS PANDRIYA: भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय जनगणना अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत तहसील पंडरिया के ग्राम रहमान कापा (ब्लॉक कोड 0087) में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।
इस अभियान के अंतर्गत प्रगणक लक्ष्मण बांधेकर द्वारा घर-घर जाकर अत्यंत जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं निष्ठा के साथ आंकड़ों का संकलन किया गया तथा सभी जानकारी को डिजिटल पोर्टल पर अपलोड किया गया। सर्वेक्षण से पूर्व पूरे क्षेत्र का नजरी नक्शा तैयार किया गया, जिससे कार्य को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न करने में महत्वपूर्ण सहायता मिली। इस दौरान ग्रामवासियों का सहयोग भी सराहनीय रहा।

सर्वेक्षण के दौरान आवासीय, व्यावसायिक, शासकीय एवं सामुदायिक भवनों के साथ-साथ पूजा स्थल, ट्यूबवेल, मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय सहित संपूर्ण क्षेत्र का व्यापक सर्वे किया गया। इस प्रक्रिया में भवनों की स्थिति, उपयोग, परिवारों की संख्या तथा उपलब्ध संसाधनों से संबंधित विस्तृत जानकारी दर्ज की गई।
अंतिम आंकड़ों के अनुसार ग्राम में कुल 132 भवनों का चिन्हांकन तथा 170 मकानों का पंजीयन किया गया। यह दर्शाता है कि कई भवनों में एक से अधिक परिवार निवास कर रहे हैं।
पूरे अभियान में चार्ज अधिकारी संजय कुमार मोध्या एवं पर्यवेक्षक विजय चंदेल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उनके मार्गदर्शन एवं सतत निगरानी से कार्य की सटीकता और गुणवत्ता सुनिश्चित की गई।
इस अवसर पर चार्ज अधिकारी (ग्रामीण) मोध्या जी ने कहा,
“प्रगणक द्वारा कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी, निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ संपन्न किया गया, जो अत्यंत प्रशंसनीय है।”
यह कार्य न केवल प्रशासनिक दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि समर्पण, टीमवर्क एवं प्रभावी मार्गदर्शन के साथ किसी भी राष्ट्रीय अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है। एकत्रित आंकड़े आगामी जनगणना के मुख्य चरण के साथ-साथ ग्राम के समग्र विकास एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मजबूत आधार प्रदान करेंगे।


